कानपुर देहात। आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागीय अधिकारी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही असंतुष्ट फीडबैक वाले मामलों को गंभीरता से लेते हुए शिकायतकर्ता से सीधे संवाद कर उसकी समस्या का वास्तविक समाधान कराएं।जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश पर बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों की शिकायतों के निस्तारण की स्थिति, लंबित प्रकरणों और असंतुष्ट फीडबैक की विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक में अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का तय समयसीमा में निस्तारण किया जाए। किसी भी विभाग में शिकायतें अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए। निस्तारण के बाद पोर्टल पर अपलोड की जाने वाली आख्या स्पष्ट, तथ्यपरक और साक्ष्य आधारित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या का समाधान किया जाए।उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी शिकायतकर्ता से फोन पर बातचीत कर उसकी समस्या को समझें और निस्तारण के बाद उसका फीडबैक भी प्राप्त करें। जिन मामलों में शिकायतकर्ता असंतुष्ट है, उनका दोबारा परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण एवं सत्यापन करें, ताकि शिकायतों का निष्पक्ष समाधान हो सके।अपर जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल की नियमित निगरानी करने तथा लंबित और डिफॉल्टर प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जय गोविंद, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

