मूसानगर में श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन उमड़े श्रद्धालु, भक्ति और सत्कर्म का दिया संदेशमूसानगर, कानपुर देहात। मूसानगर स्थित अच्युत ब्रह्मधाम अखंड परमधाम में आयोजित भक्ति योग वेदांत संत सम्मेलन के दौरान श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन महामंडलेश्वर स्वाध्याय निरंजन ज्योति ने श्रद्धालुओं को कलियुग में भगवान के नाम स्मरण की महिमा बताई। उन्होंने कहा कि कलियुग में भगवान का नाम संकीर्तन ही भवसागर से पार पाने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है।

कथा व्यास ने कहा कि सतयुग में तपस्या, त्रेतायुग में यज्ञ और द्वापर युग में पूजा-अर्चना के माध्यम से भगवान की प्राप्ति का मार्ग बताया गया है, जबकि कलियुग में प्रभु के नाम का स्मरण और संकीर्तन ही मोक्ष का सहज मार्ग है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा में बताए गए आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।उन्होंने कहा कि सत्य, दया, करुणा, परोपकार और जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची भक्ति के आधार हैं। मनुष्य को दूसरों का अहित करने के बजाय उनकी मदद करनी चाहिए तथा अहंकार, विवाद और लोभ से दूर रहकर सत्कर्मों में जीवन लगाना चाहिए।निरंजन ज्योति ने कहा कि मनुष्य का जीवन अनमोल है। इसे सांसारिक मोह-माया और व्यर्थ के विवादों में गंवाने के बजाय प्रभु भक्ति, सेवा और अच्छे कार्यों में लगाना चाहिए। भगवान का नाम स्मरण करने से मन को शांति मिलती है और कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य एवं विश्वास बनाए रखने की प्रेरणा मिलती है।इस दौरान साध्वी निरंजन ज्योति (राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग) ने भी अपने विचार रखे। कथा के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक संदेशों को आत्मसात किया।

