कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना बुधवार को कानपुर देहात पहुंचीं। कानपुर-झांसी हाईवे स्थित माती तिराहे पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरीश सिंह गौर के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।स्वागत के बाद मीडिया से बातचीत में आराधना मिश्रा मोना ने आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन की रणनीति को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि गठबंधन केवल चुनाव लड़ने के लिए नहीं, बल्कि चुनाव जीतने और उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने बताया कि राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच सकारात्मक बातचीत हुई है। अगले दो से तीन दिनों में सीट शेयरिंग को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव इंडिया गठबंधन पूरी एकजुटता के साथ लड़ेगा।भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा 400 पार का नारा दे रही थी, लेकिन जनता ने उसके दावे को स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि जनता और गठबंधन ने भाजपा के अहंकार के रथ को आधे रास्ते में ही रोक दिया। आगामी विधानसभा चुनाव में भी जनता अपने मताधिकार से जवाब देगी।

वहीं, चंद्रशेखर और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों का गठबंधन करना सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने धर्म और राजनीति को अलग-अलग विषय बताते हुए अपनी बात रखी।इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। उनके दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर होने वाली घोषणा पर राजनीतिक हलकों की निगाहें टिकी हैं।
