मुख्य सामग्री पर जाएं

NATION24 NEWS पर खोजें

शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 कानपुर देहात • उत्तर प्रदेश
NATION24 NEWS — हर खबर में सच
Breaking news
उत्तर प्रदेश

बाल अधिकारों और सुरक्षित भविष्य के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक, बाल विवाह रोकने की दिलाई शपथ

बाल अधिकारों और सुरक्षित भविष्य के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक, बाल विवाह रोकने की दिलाई शपथ

अकबरपुर, कानपुर देहात। बाल दिवस के अवसर पर बुधवार को अकबरपुर स्थित ब्राइट एंजेल एजुकेशन सेंटर में जिला प्रशासन की ओर से बाल अधिकार, कैरियर काउंसलिंग और बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही बालिकाओं को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई गई।जिलाधिकारी के निर्देशन एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी रेनू यादव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य पाने का अधिकार है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता के अनुसार कैरियर का चुनाव करना चाहिए। उन्होंने बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि कम उम्र में विवाह होने से बालिकाओं की शिक्षा प्रभावित होती है और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के साथ पारिवारिक जिम्मेदारियों का बोझ भी उठाना पड़ता है।

इस दौरान सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के बारे में भी बच्चों को विस्तार से समझाया गया। महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की जानकारी भी दी गई।क्षेत्राधिकारी यातायात विनय कुमार ने विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सचेत करते हुए कहा कि मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल सावधानी के साथ करना चाहिए। किसी अनजान व्यक्ति को बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी या व्यक्तिगत दस्तावेज साझा न करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। उन्होंने सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी।जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित करने, समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी कैरियर का चयन करने से पहले उससे जुड़ी शैक्षिक योग्यता, पाठ्यक्रम, प्रवेश प्रक्रिया और रोजगार की संभावनाओं की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।विद्यालय की प्रधानाचार्या मीनाक्षी सिंह ने जिला प्रशासन का आभार जताते हुए विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा और अभिरुचि पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करने तथा मेहनत और लगन से उसे हासिल करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 181, 1090, 112, 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी गई। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधक बलवीर सिंह, प्रधानाचार्या मीनाक्षी सिंह, शिक्षक ब्रह्म बाजपेई, नूरी निशा, रोहित यादव, जिला प्रोबेशन कार्यालय से संरक्षण अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ओझा, जिला मिशन समन्वयक प्रतिमा श्रीवास्तव, महेंद्र श्रीवास्तव, रितिक यादव, आकाश सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

अपनी टिप्पणी लिखें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा। आवश्यक फ़ील्ड * से चिह्नित हैं।