मूसानगर,कानपुर देहात । मूसानगर स्थित साध्वी निरंजन ज्योति के आश्रम में सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जय श्रीराम के जयकारों के बीच निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। वहीं, इस धार्मिक आयोजन के साथ गरीबों की सेवा और सामाजिक समरसता की पहल भी की गई।कलश यात्रा आश्रम से प्रारंभ होकर बालाजी मंदिर पहुंची।

इसके बाद नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः आश्रम परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों के साथ चल रही थीं। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।आश्रम में 17 से 23 नवंबर तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति व्यास पीठ पर विराजमान होकर श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगी। इस दौरान स्वामी परमानंद महाराज भी मौजूद रहे।आयोजन का प्रमुख आकर्षण 24 नवंबर को होने वाला गरीब बेटियों का सामूहिक विवाह समारोह रहेगा। इसमें विभिन्न धर्मों की गरीब बेटियों का विवाह कराकर उन्हें सम्मानपूर्वक विदा किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और मानवता का संदेश देना है।इससे पहले साध्वी निरंजन ज्योति और स्वामी परमानंद महाराज ने अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एंबुलेंस का फीता काटकर शुभारंभ किया। साध्वी निरंजन ज्योति ने बताया कि एंबुलेंस 100 किलोमीटर के दायरे में जरूरतमंद और गरीब लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगी। इसमें विभिन्न प्रकार की जांच और दवाओं की सुविधा भी रहेगी।साध्वी निरंजन ज्योति ने बताया कि 34वें भक्ति वेदांत सम्मेलन के अंतर्गत श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के माध्यम से लोगों को आध्यात्मिक संदेश दिया जाएगा, वहीं एंबुलेंस के जरिए जरूरतमंदों की स्वास्थ्य संबंधी मदद की जाएगी।धार्मिक आयोजन के साथ सामूहिक विवाह और निशुल्क स्वास्थ्य सेवा की यह पहल मूसानगर में चर्चा का विषय बनी हुई है
