रनियां (कानपुर देहात): प्रकाश पर्व दीपावली के अवसर पर रनियां क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में रंगोली सजाकर और दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया गया। कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
क्षेत्र में संचालित अवध बिहारी देवीदीन विद्यालय, एसवीएन जूनियर हाईस्कूल, राजा सिंह बाल विद्या मंदिर, राहुल शुक्ल मेमोरियल इंटर कॉलेज, गुरुकुल एकेडमी और केपीएस विद्यालय में दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान प्रधानाचार्य एस. दयाल तथा प्रबंधक सुशील त्रिवेदी ने विद्यार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए पर्व के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला।
कीरतपुर स्थित राहुल शुक्ल मेमोरियल इंटर कॉलेज में कक्षावार रंगोली सजाई गई, जहां प्रधानाचार्य रामनरेश ने पुष्पित-पल्लवित दीपावली मनाने का संदेश दिया। वहीं राजा सिंह बाल विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य शुभम सिंह ने बताया कि बच्चों को तेज आवाज वाले पटाखों से दूर रहकर सुरक्षित दीपोत्सव मनाने के लिए प्रेरित किया गया।
आयोजन के दौरान प्रधानाचार्य एस. दयाल, सुशील त्रिवेदी, राजकुमार शर्मा, धर्मेंद्र सिंह, अनिल त्रिवेदी, अजय द्विवेदी और सुधांशु कुमार सहित शिक्षकगण व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
