कानपुर देहात। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, कानपुर देहात के विद्यार्थियों ने खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। एसआरएमएस बरेली में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने एक स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य सहित कुल पांच पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में 800 मीटर बालिका दौड़ में सेजल ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं बैडमिंटन मिक्स्ड डबल्स में डेजी और यशस्वी की जोड़ी ने रजत पदक जीता। भाला फेंक में शिवेंद्र और डिस्कस थ्रो में लबीब ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके अलावा 4×100 मीटर बालिका रिले दौड़ में मान्या, डेजी, सेजल और राधिका की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अम्ब्रीश कुमार गुप्ता स्वयं बरेली पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि पहली बार महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने बाहर आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा साबित की है। यह महाविद्यालय के लिए नई शुरुआत है। विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लि byए हर संभव अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।प्राचार्य ने महाविद्यालय परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित कराने का संकल्प भी व्यक्त किया। इसमें प्रशिक्षित कोचों के माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित खेल प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी अपनी पहचान बना सकें।महाविद्यालय प्रशासन ने सभी पदक विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

