मुख्य सामग्री पर जाएं

NATION24 NEWS पर खोजें

सोमवार, 23 नवंबर 2026 कानपुर देहात • उत्तर प्रदेश
NATION24 NEWS — हर खबर में सच
Breaking news
उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़

29 वर्षीय महिला के पेट से निकाली 2 किलो की विशाल गांठ, मेडिकल कॉलेज में जटिल ऑपरेशन सफल24 सेंटीमीटर की ओवेरियन सिस्ट निकालकर गर्भाशय और अंडाशय को डॉक्टरों ने सुरक्षित बचाया

29 वर्षीय महिला के पेट से निकाली 2 किलो की विशाल गांठ, मेडिकल कॉलेज में जटिल ऑपरेशन सफल24 सेंटीमीटर की ओवेरियन सिस्ट निकालकर गर्भाशय और अंडाशय को डॉक्टरों ने सुरक्षित बचाया

कानपुर देहात। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के मातृ एवं शिशु चिकित्सालय (एमसीएच), अकबरपुर में डॉक्टरों की टीम ने जटिल ऑपरेशन कर 29 वर्षीय महिला के पेट से करीब दो किलोग्राम वजनी विशाल गांठ निकालने में सफलता हासिल की। करीब 24 सेंटीमीटर आकार की इस गांठ के कारण महिला दो साल से परेशान थी। ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने गर्भाशय, अंडाशय और फैलोपियन ट्यूब को सुरक्षित बचा लिया।जानकारी के अनुसार, महिला के पेट में पिछले दो वर्षों से गांठ लगातार बढ़ रही थी। इसका आकार नाभि से ऊपर तक पहुंच गया था। इससे उसे पेट में असहजता के साथ पेशाब संबंधी परेशानियां भी होने लगी थीं। कई जगह उपचार कराने के बाद भी राहत नहीं मिली तो वह 20 नवंबर को मेडिकल कॉलेज पहुंची। जांच और सीटी स्कैन में अंडाशय में बड़ी ओवेरियन सिस्ट होने की पुष्टि हुई।गांठ का आकार काफी बड़ा होने और मूत्रवाहिनी के बेहद करीब स्थित होने से ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण था। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. श्रुति गुप्ता के निर्देशन में डॉ. सविता साहू, डॉ. सुल्फिया और डॉ. वंदना की टीम ने एक्सप्लोरेटरी लैपरोटॉमी के जरिए सावधानीपूर्वक पूरी गांठ निकाल दी। इस दौरान आसपास के महत्वपूर्ण अंगों को सुरक्षित रखा गया। खास बात यह रही कि महिला का गर्भाशय, बायां अंडाशय और फैलोपियन ट्यूब भी सुरक्षित बचा लिए गए।

ऑपरेशन में एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. अजीत और डॉ. मनोज, ऑन-कॉल सर्जन डॉ. शैलेन्द्र तथा नर्सिंग स्टाफ की सिस्टर नेहा और सिस्टर राधा का सहयोग रहा। प्रारंभिक जांच में गांठ म्यूसिनस सिस्टेडेनोमा होने की संभावना जताई गई है। हालांकि इसकी अंतिम पुष्टि हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के बाद होगी।मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अम्ब्रीश कुमार गुप्ता ने सफल ऑपरेशन पर चिकित्सकीय टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों के समन्वय से मेडिकल कॉलेज में जटिल सर्जरी की सुविधाएं मजबूत हो रही हैं। इससे स्थानीय मरीजों को बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। फिलहाल महिला की हालत स्थिर है और वह चिकित्सकों की निगरानी में स्वास्थ्य लाभ ले रही है।

अपनी टिप्पणी लिखें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा। आवश्यक फ़ील्ड * से चिह्नित हैं।