कानपुर देहात। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान के अंतर्गत शनिवार को जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए गए। इन कैंपों में नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने, नाम व पते में संशोधन तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए आवेदन प्राप्त किए गए।जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी कपिल सिंह ने अकबरपुर इंटर कॉलेज स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार समय से निस्तारण किया जाए। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।डीएम ने युवाओं सहित उन सभी पात्र नागरिकों से विशेष कैंपों में पहुंचकर निर्धारित प्रपत्र भरने की अपील की, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या विवरण में संशोधन कराना है। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है।इस दौरान एसडीएम अकबरपुर राजकुमार पाण्डेय, तहसीलदार, बीएलओ एवं सुपरवाइजर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

