खतौनी संशोधन की शिकायतों पर डीएम ने तत्काल कराया सुधार, अधिकारियों को दी लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनीमैथा , कानपुर देहात। तहसील मैथा में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 134 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में सिर्फ औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि अधिकारी मौके पर जाकर जांच करें और शिकायतकर्ता से समाधान के संबंध में फीडबैक भी लें।भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या उदासीनता मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक कार्यालयों में जनसुनवाई करने, शिकायत पंजिका बनाए रखने और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में खतौनी संशोधन से संबंधित शिकायतें भी पहुंचीं, जिन पर जिलाधिकारी ने तत्काल संशोधन कराकर शिकायतकर्ताओं को सही खतौनी उपलब्ध कराई।इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नरेंद्र सिंह, एसडीएम मैथा प्रतिभा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयगोविंद, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। जनपद की अन्य तहसीलों में भी संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित कर लोगों की शिकायतें सुनी गईं।

