मूसानगर,कानपुर देहात। नगर के मुख्य बाजार में आयोजित पांच दिवसीय पौराणिक रामलीला के दूसरे दिन शनिवार को दशरथ-कैकई संवाद और राम वनवास की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने सजीव अभिनय और प्रभावशाली संवादों के जरिए रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। कैकई की हठ, राजा दशरथ की विवशता और प्रभु श्रीराम के त्याग का मंचन देख दर्शक भावुक हो उठे।लीला में दिखाया गया कि देवासुर संग्राम के दौरान राजा दशरथ द्वारा कैकई को दिए गए दो वरदानों की याद दिलाकर उन्होंने भरत के लिए राजगद्दी और श्रीराम के लिए 14 वर्ष का वनवास मांग लिया। कैकई की मांग सुनकर राजा दशरथ स्तब्ध रह गए। उन्होंने उन्हें समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन कैकई अपनी जिद पर अड़ी रहीं। पुत्र वियोग की आशंका से राजा दशरथ व्याकुल हो उठे।वहीं, वनवास का समाचार मिलने पर प्रभु श्रीराम ने पिता के वचन और रघुकुल की मर्यादा की रक्षा के लिए सहर्ष वन जाना स्वीकार कर लिया। माता सीता और अनुज लक्ष्मण ने भी उनके साथ वन जाने का निर्णय लिया। तीनों के वन गमन और पुत्र वियोग में राजा दशरथ के विलाप का दृश्य देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं।रामलीला के माध्यम से कलाकारों ने संदेश दिया कि विपरीत परिस्थितियों में भी मर्यादा, वचन और पारिवारिक संस्कारों का पालन करना चाहिए। प्रभु श्रीराम का चरित्र माता-पिता की आज्ञा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है, जबकि कैकई का प्रसंग स्वार्थ और हठ के दुष्परिणामों को दर्शाता है।
राम वनवास की लीला देख भावुक हुए दर्शक, कैकई के वरदानों से टूटी अयोध्या की खुशियां
राम, सीता और लक्ष्मण के वन गमन का हुआ भावपूर्ण मंचन, मर्यादा और माता-पिता की आज्ञा पालन का दिया संदेश
