अकबरपुर,कानपुर देहात। जनपद में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ जिला महिला चिकित्सालय अकबरपुर में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयगोविन्द और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य अमरीश गुप्ता मौजूद रहे।जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को अभियान के प्रत्येक चरण में पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा खुराक पीने से वंचित न रहे। इसके लिए बूथों के साथ घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाने और अभियान की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनपद में कुल 2,79,116 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए रविवार को 891 बूथों पर 891 टीमों को लगाया गया है। बूथ दिवस के बाद 23 से 27 नवंबर तक 650 टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इसके अतिरिक्त 30 नवंबर को भी विशेष अभियान चलाकर छूटे बच्चों को आच्छादित किया जाएगा।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करने और पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील की।
2.79 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, डीएम ने किया अभियान का शुभारंभ891 बूथों पर शुरू हुआ अभियान, 23 से 27 नवंबर तक घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें
