मूसानगर,कानपुर देहात। नगर स्थित ब्रह्मधाम अखंड परमधाम में आयोजित 34वें भक्ति योग वेदांत संत सम्मेलन, श्रीमद्भागवत कथा एवं शतचंडी महायज्ञ का मंगलवार को सामूहिक विवाह समारोह के साथ समापन हुआ। समारोह में 51 जोड़े विवाह बंधन में बंधे और एक-दूजे का हाथ थामकर नए जीवन की शुरुआत की। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। वही पंडित सुमित तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ वैवाहिक जोड़ो की शादी सम्पन्न कराई ।सामूहिक विवाह समारोह को लेकर आश्रम परिसर में विशाल पंडाल सजाया गया था। पंडाल में विवाह मंडप, कन्याओं को दिए जाने वाले उपहार एवं गृहस्थी का सामान, भोजन व्यवस्था और परिजनों के ठहरने के लिए अलग-अलग इंतजाम किए गए थे। निर्धारित क्रम में सभी जोड़ों को विवाह मंडप तक पहुंचाया गया। वैदिक रीति-रिवाजों के बीच विवाह की रस्में पूरी कराई गईं। इस दौरान महिलाओं ने मंगलगीत गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।

वहीं, समारोह में पहुंचे अतिथियों ने नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।कन्यादान के भाव से छलक पड़े साध्वी के आंसूनवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के दौरान साध्वी निरंजन ज्योति भावुक हो गईं। कन्यादान के प्रसंग पर उनके मन में मां का भाव जाग उठा और आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा कि आज उन्हें मां के रूप में कन्यादान करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। कन्यादान महान पुण्य का कार्य है और इसका महत्व महाकुंभ के समान है। उन्होंने नवदंपतियों के परिजनों से अपील की कि सामूहिक विवाह के माध्यम से शादी में होने वाली अनावश्यक धनराशि की बचत हुई है। इस धन का सदुपयोग बच्चों की शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य के निर्माण में करें। शिक्षित बच्चे ही अच्छे समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव बनेंगे। इस दौरान राकेश सचान कैबिनेट मंत्री, रेणुका सचान जिलाध्यक्ष, रमेश अवस्थी सांसद, जय कुमार जैकी विधायक , ब्रजभूषण राजपूत विधायक चरखारी , पूर्व जिलाध्यक्ष राहुलदेव अग्निहोत्री ने वर वधू को आशीर्वाद दिया , वही विनोद निषाद चेयरमैन पति , विजय सोनी , राहुल निषाद , नरेश प्रजापति , कृष्णा आर्या सोशल मीडिया प्रमुख , जी कृष्णा सोनी लोजपा , अभिनव पाठक , बीनू निषाद , आर्या कुशवाहा ने कार्यक्रम की व्यवस्था संभाली
