नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्ति प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने की मांग को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई हुई। अदालत ने केंद्र सरकार और सुप्रीम कोर्ट के सेक्रेटरी जनरल को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। याचिका में न्यायाधीशों की नियुक्ति से जुड़े संशोधित नियमों को अंतिम रूप देने और कॉलेजियम के फैसलों को सूचना का अधिकार (RTI) कानून के दायरे में लाने की मांग की गई है।यह याचिका NGO लोक प्रहरी की ओर से दायर की गई है। इसमें सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए लागू Memorandum of Procedure (MoP) को अंतिम रूप देने के लिए निर्देश जारी करने की मांग उठाई गई है।

करीब 11 साल से लंबित है संशोधित MoP
याचिका के अनुसार, न्यायाधीशों की नियुक्ति प्रक्रिया में सुधार और संशोधित Memorandum of Procedure तैयार करने का मामला दिसंबर 2015 से लंबित है। उस समय सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रीय न्यायिक नियुक्ति आयोग (NJAC) से संबंधित कानून को असंवैधानिक घोषित करते हुए कॉलेजियम व्यवस्था को बरकरार रखा था। इसके बाद नियुक्ति प्रक्रिया में सुधार के लिए संशोधित MoP तैयार करने की कवायद शुरू हुई, लेकिन इसे अब तक अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है।

क्या है Memorandum of Procedure (MoP)?
Memorandum of Procedure यानी MoP एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति, पदोन्नति और स्थानांतरण से जुड़ी प्रक्रिया निर्धारित होती है। इसी प्रक्रिया के तहत कॉलेजियम व्यवस्था में न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए नामों पर विचार और सिफारिश की जाती है।

कॉलेजियम के फैसलों को RTI के दायरे में लाने की मांग
याचिका में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के कॉलेजियम द्वारा न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए किए जाने वाले चयन और बैठकों के फैसलों को RTI के दायरे में लाने की मांग भी की गई है। याचिकाकर्ता का कहना है कि नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और स्पष्ट मानदंड होने से न्यायपालिका में जवाबदेही और निष्पक्षता को मजबूत किया जा सकता है।याचिका में नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े संशोधित नियमों को एक महीने के भीतर अंतिम रूप देने की मांग भी की गई है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल मामले में नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। कॉलेजियम की कार्यवाही को RTI के दायरे में लाने और संशोधित नियुक्ति प्रक्रिया को अंतिम रूप देने पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
